बाघमारा : बाघमारा प्रखंड के नगरीकला दक्षिण स्टेशन चौक के पास स्थित पुराने पंचायत भवन पर अवैध कब्जा कर आवासन किए जाने का मामला सामने आया है। जिला परिषद सदस्य मो. इसराफिल ने इस संबंध में प्रशासन को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। जिला परिषद सदस्य ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि उक्त पंचायत भवन में राम दयाल सिंह एवं अभिम्न्यु सिंह उर्फ मन्नु सिंह, साकिन तेलुलमारी, पाण्डेयडीह द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर आवासन किया जा रहा है। आरोप है कि दोनों के द्वारा प्रशासन की अनुमति के बिना ही पंचायत भवन में मरम्मति और टाइल्स का कार्य भी कराया जा रहा है। पत्र में कहा गया है कि यह पंचायत भवन जनहित के लिए आरक्षित है। पूर्व में इस भवन में टीकाकरण, रक्तदान शिविर और अन्य सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता था। साथ ही विधानसभा चुनाव के दौरान इसका उपयोग मतदान केंद्र के रूप में भी होता रहा है। जिला परिषद सदस्य मो. इसराफिल ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए नगरीकला दक्षिण स्टेशन चौक के पास स्थित पुराने पंचायत भवन को राम दयाल सिंह एवं अभिम्न्यु सिंह उर्फ मन्नु सिंह के अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए। उन्होंने इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी बाघमारा, अंचल अधिकारी बाघमारा, थाना प्रभारी तेतुलमारी, उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद धनबाद और अध्यक्ष जिला परिषद धनबाद* को पत्र की प्रतिलिपि भी भेजी है। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर इस मामले में जांच की बात कही जा रही है।
पंचायत भवन पर अवैध कब्जा, जिला परिषद सदस्य ने की शिकायत ।

