धनबाद क्रिकेट संघ ने ओपन ट्रायल की घोषणा की, नवंबर में होंगे ट्रायल मैच

धनबाद | नवभूमि टाइम्स ब्यूरो। धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) ने जिले के विभिन्न आयु वर्गों के लिए ओपन ट्रायल की घोषणा की है। संघ के महासचिव विनय कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि पहले ओपन ट्रायल लिया जाएगा, उसके बाद चयनित खिलाड़ियों के ट्रायल मैच कराए जाएंगे और इसी प्रदर्शन के आधार पर जिला टीम का चयन किया जाएगा।

महासचिव ने बताया कि ट्रायल अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 तीन आयु वर्गों में आयोजित होगा। इसका उद्देश्य धनबाद जिला टीम के लिए प्रतिभाशाली क्रिकेटरों की पहचान करना है। ओपन ट्रायल में चुने गए खिलाड़ियों की संख्या के आधार पर चार, छह या आठ टीमों का गठन किया जाएगा। इन टीमों के बीच आपसी मैच होंगे और उन मैचों के रिकॉर्ड के आधार पर अंतिम जिला टीम चुनी जाएगी। ओपन ट्रायल एवं ट्रायल मैच नवंबर के पहले और दूसरे सप्ताह में आयोजित किए जाएंगे।

ट्रायल में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकरण शुल्क 250 रुपये और ट्रायल में भागीदारी शुल्क 1000 रुपये निर्धारित किया गया है। कुल 1250 रुपये का भुगतान ऑनलाइन ही करना होगा।

आयु वर्ग की पात्रता इस प्रकार है — अंडर-14 के लिए 1 सितंबर 2013 से 31 अगस्त 2015, अंडर-16 के लिए 1 सितंबर 2011 से 31 अगस्त 2013 और अंडर-19 के लिए 1 सितंबर 2008 से 31 अगस्त 2011 के बीच जन्मे खिलाड़ी पंजीकरण करा सकते हैं।

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की तिथि अंडर-14 और अंडर-19 के लिए 23 से 30 अक्टूबर और अंडर-16 के लिए 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक तय की गई है। 

रजिस्ट्रेशन के समय चार दस्तावेज अपलोड करने होंगे — डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र, विद्यालय का बोनाफाइड सर्टिफिकेट और तीन वर्षों (2023-24, 2024-25, 2025-26) की अंकसूची, आधार कार्ड और सत्यापन दस्तावेज तथा नाबालिग होने पर माता-पिता का वोटर आईडी या पासपोर्ट जैसे वैध निवास प्रमाण पत्र। महासचिव ने स्पष्ट किया कि दस्तावेजों में त्रुटि या गलत जानकारी मिलने पर आवेदन रद्द कर दिया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *