धनबाद। दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर सरायढेला में “रस रंग 2026” कार्यक्रम के भव्य आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसको लेकर बिग बाजार के समीप होटल केदार हिल में एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता में आयोजनकर्ता अनीशा और चौताली ने बताया कि दुर्गा पूजा के मौके पर इस वर्ष डांडिया महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इंतजार अब खत्म हुआ, साल के सबसे बड़े डांडिया सेलिब्रेशन रस रंग 2026 की ऑफिशियल शुरुआत हो रही है।
आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम में डांडिया, गरबा और धुनुची नाच का विशेष आयोजन होगा। पारंपरिक बंगाली धुनुची नृत्य इस बार का मुख्य आकर्षण रहेगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को परफॉर्मेंस के आधार पर आकर्षक गिफ्ट और अवार्ड दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस फेस्टिवल में स्टार परफॉर्मर और स्पेशल गेस्ट भी शामिल होंगे, जो समा को और भी रंगीन बनाएंगे। साथ ही पास की डिटेल्स, ऑफर्स और फेस्टिवल की अन्य खास बातों की जानकारी भी जल्द साझा की जाएगी। आयोजनकर्ताओं ने कहा कि रस रंग सिर्फ एक डांडिया नाइट नहीं, बल्कि संस्कृति, संगीत और उत्सव का संगम है, जहां परिवार और दोस्तों के साथ लोग नवरात्रि की खुशियों को सेलिब्रेट कर सकेंगे। सुरक्षा और व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। मेन फेस्टिवल इवेंट की तारीख 10 अक्टूबर 2026 को समय संध्या 6 बजे और स्थान होटल केदार हिल, बिग बाजार के समीप, सरायढेला निर्धारित किया गया है।आयोजकों ने धनबादवासियों से इस रंगारंग उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
