धनबाद। गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर सोमवार को सुमित्रा होटल एंड बैंक्वेट हॉल का उद्घाटन धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने किया। यह प्रतिष्ठान झामुमो महानगर उपाध्यक्ष वकील दास और उनके परिवार द्वारा उनकी स्व. माता को समर्पित किया गया है। इस अवसर पर वकील दास ने कहा कि यह हॉल सिर्फ शादी समारोह के लिए ही नहीं, बल्कि तिलक, मुंडन, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी उपलब्ध रहेगा। यहां सामूहिक उत्सव भी आयोजित किए जा सकेंगे। इससे अल्प और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को मैरिज हाउस की तुलना में किफायती दरों पर आधुनिक सुविधाओं वाला परिसर मिल सकेगा। हॉल परिसर में कुल 6 कमरे भी उपलब्ध हैं। महानगर अध्यक्ष मंटू कुमार चौहान ने कहा कि इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को पारिवारिक, सामाजिक और मांगलिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक और किफायती जगह उपलब्ध कराना है। मौके पर उपस्थित स्थानीय महिलाओं ने आग्रह किया कि हॉल का किराया कम से कम रखा जाए, ताकि गरीब परिवारों को इसका लाभ मिल सके। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष मंटू कुमार चौहान, वार्ड 21 के पार्षद प्रफुल्ल मंडल, टिंकू सरकार, राजू प्रमाणिक, शोषण चौधरी सहित कई लोग उपस्थित थे।

