धनबाद। मिशन हैप्पी धनबाद ट्रस्ट के अध्यक्ष मोहम्मद एजाज अली द्वारा चलाए जा रहे सर्व धर्म मेल जोल अभियान के तहत आरबीएम मैरिज हॉल, बाईपास रोड, सिटी स्कूल के समीप मिशन ब्लड डोनेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, गिरजा घर एवं अन्य धार्मिक स्थलों में ब्लड डोनर्स का डाटा उपलब्ध रखना है, ताकि आपात स्थिति में लोग अपने मोहल्ले के धार्मिक स्थल पर उपलब्ध सूची से तत्काल रक्त प्राप्त कर सकें। धनबाद जिले में एक लाख डोनर्स का डाटा तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस.एम. याकूब और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने अभियान को सहयोग देने और उपलब्ध रहने पर जरूरतमंदों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराने की बात कही।
सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने अभियान की सराहना करते हुए लोगों से सहयोग की अपील की और भगत सिंह के नारे “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा” के माध्यम से युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। ग्रामीण एसपी एस.एम. याकूब ने कहा कि रक्तदाता का कोई मजहब नहीं होता, सभी को इसमें शामिल होना चाहिए। भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर ने कहा कि इस नेक कार्य के साथ सूची तैयार करने से जरूरतमंदों को काफी मदद मिलेगी। कार्यक्रम की शुरुआत में जितेंद्र कुमार ने कहा कि यह आयोजन मील का पत्थर साबित होगा और आम जरूरतमंद लोगों के लिए सुलभ होगा। कार्यक्रम का संचालन एजाज अली ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जितेंद्र कुमार ने किया।
इस दौरान मिशन हैप्पी धनबाद ट्रस्ट की जया देवी बास्की, रिदा अली सहित सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में इमाम अफरोज आलम, शहीदा कमर, मौलाना मोहम्मद यूनुस, मौलाना गुलाम सरवर, पारो खान, इम्तियाज अंसारी, नेहरू हेम्ब्रम, मिथिलेश पासवान, रवि भूषण सिंह, रवि शेखर, बबलू फरीदी, खुर्शीद आलम, प्रिंस पासवान, लक्ष्मी देवी, आशा राय, गंगोत्री देवी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।युवा वर्ग के तबरेज आलम, खुर्शीद आलम, इसरारुल हक, अब्दुल जब्बार, मोहम्मद शहाबुद्दीन, मोहम्मद कलाम, रवि भूषण सिंह, रवि शेखर ने पूरे जिले में अभियान को पहुंचाकर एक लाख डाटा पूरा करने का संकल्प लिया।
अंत में पुलिस परिवार एवं उपस्थित अतिथियों ने सामूहिक रूप से सर्व धर्म मेल जोल अभियान की शपथ ली – आइए हम सब मिलकर चलें, अशिक्षा से शिक्षा की ओर, अन्याय से न्याय की ओर, असत्य से सत्य की ओर, अशांति से शांति की ओर, बुराई से भलाई की ओर, रोग से निरोग की ओर, क्रोध से प्रेम की ओर, बेईमानी से ईमानदारी की ओर, नफरत से मोहब्बत की ओर, स्वच्छ और सुंदर समाज निर्माण की ओर। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
