धनबाद। जामाडोभा में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। झारखंड प्रदेश किन्नर समाज की अध्यक्ष श्रीमती छमछम देवी जी द्वारा आयोजित श्री श्री 24 घंटे अखंड संकीर्तन एवं शिव चर्चा में जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती शारदा सिंह शामिल हुईं।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही शारदा सिंह का आयोजकों ने भव्य स्वागत किया। इस पावन अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष ने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की और समस्त धनबादवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
24 घंटे तक चलने वाले इस अखंड संकीर्तन में हर हर महादेव और भोलेनाथ के भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिव चर्चा में भाग लिया और कीर्तन मंडली द्वारा प्रस्तुत भजनों पर झूम उठे।
झारखंड प्रदेश किन्नर समाज की अध्यक्ष छमछम देवी ने कहा कि समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता बनाए रखने के लिए इस तरह के धार्मिक आयोजन जरूरी हैं। भगवान शिव सभी के कल्याणकारी हैं, उनकी आराधना से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने आयोजक मंडल को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि धनबाद की धरती भक्ति और संस्कृति की धरती है।
