धनबाद। धनबाद परिसदन में रविवार को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद प्रतिनिधि सुरेश दास ने बलियापुर निवासी आशिष महतो पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुरेश दास ने कहा कि कुछ लोग धनबाद के लोकप्रिय सांसद ढुल्लू महतो के नाम और उनके रसूख का गलत इस्तेमाल कर उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इस मामले में सीधे तौर पर बलियापुर निवासी आशिष महतो को जिम्मेदार ठहराया है।
सांसद प्रतिनिधि ने बताया कि कुछ दिन पहले आशिष महतो ने फेसबुक पर सांसद ढुल्लू महतो के खिलाफ भ्रामक, झूठी और आपत्तिजनक पोस्ट की थी। फेसबुक के माध्यम से लगातार सांसद और उनके परिवार के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फेसबुक पर लिख रहा है कि सांसद के कुत्ते हम पर भौंकना बंद करें और तो और सांसद की पत्नी के खिलाफ भी गाली-गलौज की गई है, जो बिल्कुल बर्दाश्त के बाहर है।
सुरेश दास ने कहा कि सांसद ढुल्लू महतो एक जनप्रतिनिधि हैं, जो दिन-रात जनता की सेवा में लगे रहते हैं। कुछ लोग सुनियोजित साजिश के तहत उनका नाम खराब करने में लगे हैं। इस तरह के लोगों के कारण सांसद की छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सांसद का इस तरह के किसी भी व्यक्ति या उसके कार्यों से कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि फेसबुक के माध्यम से आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग बंद करें। अगर हिम्मत है तो सामने आकर धनबाद के किसी भी क्षेत्र में बैठकर वार्ता करें। सोशल मीडिया पर छिपकर अनाप-शनाप बोलना बंद करें।
सांसद प्रतिनिधि ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और जो लोग सांसद के नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं, उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे लोगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आम जनता में गलत संदेश जाएगा और लोगों का जनप्रतिनिधियों पर से विश्वास उठ जाएगा।