एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर बैंक सुरक्षा अभियान, सीसीटीवी से लेकर स्ट्रांग रूम तक की हुई जांच
बैंकों की सुरक्षा पर धनबाद पुलिस सख्त, संदिग्धों से पूछताछ और सुरक्षा व्यवस्था की गहन पड़ताल
बैंक डकैती, लूट और साइबर ठगी की रोकथाम को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट, जिलेभर में चला व्यापक जांच अभियान
Dhanbad वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देशानुसार सोमवार को धनबाद जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों में व्यापक औचक सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया। संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने विभिन्न बैंक शाखाओं का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया और सुरक्षा संबंधी सभी मानकों की बारीकी से जांच की।
जांच के दौरान बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्डों की तैनाती, प्रवेश एवं निकास मार्ग, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था तथा बैंक परिसर एवं आसपास संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाना को देने का निर्देश दिया।
अभियान के दौरान बैंक में आने वाले लोगों की पहचान का सत्यापन भी किया गया। बैंक परिसर और उसके बाहर अनावश्यक रूप से खड़े लोगों से पूछताछ की गई तथा बैंक के आसपास आने-जाने वाले मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से बैंक के मुख्य प्रवेश द्वार के ठीक सामने किसी भी वाहन को पार्क नहीं करने का निर्देश दिया गया, ताकि आपात स्थिति में पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों की आवाजाही बाधित न हो।
पुलिस टीमों ने बैंक में मौजूद ग्राहकों को भी जागरूक करते हुए अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में नहीं आने, एटीएम पिन, ओटीपी, बैंक खाता एवं अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा बड़ी राशि के लेन-देन के दौरान आवश्यक सतर्कता बरतने की अपील की।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि बैंक आम नागरिकों की आर्थिक सुरक्षा से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण संस्थान हैं। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना धनबाद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। बैंक डकैती, लूट, चोरी, साइबर ठगी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं की प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से जिले में इस प्रकार के औचक सुरक्षा जांच अभियान नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे, ताकि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे।

