प्रिंस खान से मिली धमकी के मामले में एसएसपी से मिले विधायक अरूप चटर्जी,धनबाद : कथित तौर पर गैंगस्टर प्रिंस खान से जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में निरसा विधायक अरूप चटर्जी सोमवार को समाहरणालय स्थित वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार से मिले। इस दौरान उन्होंने अपनी पूर्व में दी गई लिखित शिकायत पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।मीडिया से बातचीत में अरूप चटर्जी ने बताया कि एसएसपी के साथ उनकी विस्तृत वार्ता हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से आश्वासन दिया गया है कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर मामले में ठोस कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर पहले उनके साथ दो सशस्त्र सुरक्षाकर्मी तैनात थे, जिसे बढ़ाकर अब चार कर दिया गया है।हालांकि, उन्होंने कहा कि केवल सुरक्षा बढ़ाना इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। उनके अनुसार, पुलिस को अपराधियों के पूरे नेटवर्क और उनकी कार्यप्रणाली पर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी जनप्रतिनिधि या आम नागरिक को इस तरह की धमकियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि अपराधियों के मनोबल को तोड़ना और उनके तंत्र को समाप्त करना ही सबसे प्रभावी उपाय है।वहीं, बोकारो में सांसद ढुलू महतो द्वारा दिए गए हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अरूप चटर्जी ने कहा कि सांसद लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी टिप्पणियां राजनीतिक मर्यादा के अनुरूप नहीं हैं और इस तरह के बयान सार्वजनिक जीवन की गरिमा को प्रभावित करते हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *