गोविंदपुर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ, 50 से 80% तक सस्ती मिलेगी दवाइयां ।

गोविंदपुर। आम लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गोविंदपुर ऊपर बाजार स्थित यूनियन बैंक शाखा के समीप प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का भव्य शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन मुख्य अतिथि राकेश चोपड़ा ने फीता काटकर किया। इस केंद्र की संचालिका रश्मि चोपड़ा हैं। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राकेश चोपड़ा ने कहा कि महिला उद्यमिता और अपनी लगन से रश्मि चोपड़ा ने अपना आउटलेट खोला है और एक दूरदृष्टि के साथ आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि योजना गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। अक्सर महंगी दवाइयों के कारण गरीब लोग अपना इलाज ठीक से नहीं करा पाते। जन औषधि केंद्र पर ब्रांडेड दवाइयों के मुकाबले 50 से 80 प्रतिशत तक कम कीमत पर जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध हैं, जो गुणवत्ता में भी पूरी तरह बेहतर हैं।
उन्होंने रश्मि चोपड़ा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे गोविंदपुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को सस्ती दवाइयों का लाभ मिलेगा। केंद्र की संचालिका रश्मि चोपड़ा ने बताया कि केंद्र पर सभी प्रकार की सामान्य और गंभीर बीमारियों की दवाइयां, सर्जिकल आइटम और अन्य स्वास्थ्य संबंधी उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। उनका उद्देश्य सेवा भाव के साथ लोगों तक सस्ती दवा पहुंचाना है। कई बार डॉक्टर महंगी ब्रांडेड दवाइयां लिख देते हैं, जिसका जेनेरिक विकल्प यहां आधे से भी कम दाम पर मौजूद है। लोगों को सिर्फ अपना पर्चा लाना है, उचित परामर्श के साथ सस्ती दवा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत पूरे देश में हजारों केंद्र खोले जा चुके हैं और यह योजना आम जनता में तेजी से लोकप्रिय हो रही है। गोविंदपुर जैसे अर्ध-शहरी क्षेत्र में इस केंद्र के खुलने से लोगों को अब धनबाद या अन्य शहरों में भटकना नहीं पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया है। अमित सिंह ने कहा कि यूनियन बैंक के पास मुख्य सड़क पर यह केंद्र खुलने से दवाइयों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। विशेषकर बुजुर्गों, मधुमेह, ब्लड प्रेशर और अन्य दीर्घकालीन बीमारियों से पीड़ित मरीजों को हर महीने लगने वाली महंगी दवाइयों में काफी राहत मिलेगी। उद्घाटन समारोह में स्थानीय गणमान्य व्यक्ति, व्यापारी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में संचालिका रश्मि चोपड़ा ने सभी अतिथियों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया।

oppo_2
oppo_34

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *