कोयला ढुलाई के लिए रास्ता साफ करने की चर्चा, विधायक व पार्षद पहले भी जता चुके हैं नाराजगी
भूली। भूली ए ब्लॉक से झारखंड मोड़ तक सड़क किनारे लगे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। कई पेड़ों को जड़ से काट दिया गया है, जबकि कई की डालियां काटी जा रही हैं। कटाई किस विभाग या कंपनी के आदेश पर हो रही है, यह स्पष्ट नहीं है। पेड़ काटने वाले लोग भी इस संबंध में जानकारी देने से बच रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ों की कटाई से श्रमिक नगरी भूली की खूबसूरती प्रभावित हो रही है। साथ ही, नजदीकी कोलियरियों से उड़ने वाली धूल के कारण प्रदूषण भी बढ़ रहा है। लोगों ने पर्यावरण को हो रहे नुकसान पर चिंता जताई है।
भारी वाहनों के परिचालन को लेकर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि गोंदूडीह क्षेत्र की आउटसोर्सिंग परियोजना से निकलने वाले हाइवा और कोयला लदे भारी वाहनों के भूली कॉलोनी होकर एमपीएल समेत अन्य स्थानों तक आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क किनारे पेड़ों की कटाई कराई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
लोगों का सवाल है कि जब भूली श्रमिक कॉलोनी में बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक है, तो उनके आवागमन के लिए इतनी व्यवस्थाएं क्यों की जा रही हैं। इससे पहले भी स्थानीय लोग संकरी सड़कों से गुजरने वाले हाइवा का विरोध कर चुके हैं। अब पेड़ों की कटाई के बाद यह आशंका जताई जा रही है कि इसी सड़क को बड़े वाहनों के परिचालन के लिए तैयार किया जा रहा है।
विधायक व पार्षद भी जता चुके हैं नाराजगी
भारी वाहनों के परिचालन को लेकर विधायक राज सिन्हा भी 9 जून को कोयला लदे ट्रकों को रोक चुके हैं। वहीं, वार्ड 15 की पार्षद रेमा सिंह ने भूली पुलिस को पत्र देकर क्षेत्र में भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग की थी।
बीटीए ने कहा- पेड़ कटाई की जानकारी नहीं
इस संबंध में बीटीए के उप-प्रबंधक नीरज कुमार ने कहा, “भूली में पेड़ काटे जाने की जानकारी नहीं है और न ही हमारे द्वारा ऐसा कोई आदेश निर्गत किया गया है। हां, कभी-कभी ईएनएम विभाग ओवरहेड तार की सुरक्षा के लिए पेड़ कटवाता है।
पेड़ों की कटाई किसके आदेश पर हो रही है और इसका उद्देश्य क्या है, इस संबंध में संबंधित विभाग या कंपनी की ओर से अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
