डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर कार्यक्रम आयोजित
धनबाद ! आज झारखंड पब्लिक स्कूल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर माई भारत के तत्वावधान में मंथन द्वारा प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात उनके जीवन, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके विचारों पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रहित, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं एकता की भावना को अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड पब्लिक स्कूल के प्राचार्य श्री नंदलाल महतो थे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में मंथन के सचिव श्री बिप्लब महतो, समाजसेवी श्री लक्ष्मी गुप्ता, श्री रंजीत कुमार, पंकज कुमार,,मलय परधान, पंचानंद रक्षित, प्रदीप राय की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए चित्रकला (पेंटिंग) प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में वर्षा कुमारी ने प्रथम स्थान, संस्कृति ने द्वितीय स्थान तथा सोनल कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ संवाद एवं प्रेरक चर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विशेष बल दिया गया। सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाया।
यह आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक जागरूकता विकसित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास रहा। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
