धनबाद में लोजपा रामविलास की महिला शक्ति का शंखनाद, संगठन विस्तार और जनसेवा का संकल्प हुआ मजबूत

स्वागत-सम्मान समारोह एवं समीक्षा बैठक में प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन पासवान ने कार्यकर्ताओं को दिया संगठन मजबूती का मंत्र

धनबाद। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) झारखंड प्रदेश महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती आशा राय के नेतृत्व में बुद्धा पैलेस, हीरक रिंग रोड, धनबाद में भव्य स्वागत-सम्मान समारोह एवं महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह चतरा विधायक आदरणीय श्री जनार्दन पासवान जी एवं महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती चंद्रप्रभा भाटिया जी का पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी के साथ भव्य अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्वागत एवं अभिनंदन के दौरान पूरा वातावरण संगठन की मजबूती, जनसेवा और पार्टी के विस्तार के संकल्प से ओत-प्रोत रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक एवं सामाजिक न्याय के प्रखर योद्धा श्रद्धेय रामविलास पासवान जी तथा संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों और संघर्षों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में झारखंड प्रभारी श्रीमती इंदु कश्यप जी, प्रदेश प्रधान महासचिव श्री पप्पू सिंह जी सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी एवं समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संगठन की मजबूती को लेकर जनार्दन पासवान ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सह चतरा विधायक श्री जनार्दन पासवान जी ने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव, पंचायत-पंचायत और जन-जन तक पहुंचकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।

उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ पूरी निष्ठा और अनुशासन से कार्य करने तथा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने एवं उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने का आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि लोजपा (रामविलास) केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि जनसेवा और सामाजिक न्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाने वाला मजबूत परिवार है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर संगठन को झारखंड के हर क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों एवं संगठन विस्तार को लेकर भी कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से महिला शक्ति को संगठित कर पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को नई गति देने तथा जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *