धनबाद पहुंचे आईजी शैलेंद्र सिन्हा, संगठित अपराधियों पर सख्ती के दिए निर्देश

धनबाद पहुंचे आईजी शैलेंद्र सिन्हा, संगठित अपराधियों पर सख्ती के दिए निर्देश

धनबाद! बोकारो प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा सोमवार को धनबाद पहुंचे। समाहरणालय में उन्होंने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने, बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। बैठक से पहले एसएसपी प्रभात कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
समीक्षा बैठक में एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी सहित जिले के अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। आईजी ने अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की प्रगति, फरार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और जिले की समग्र सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि संगठित अपराध से जुड़े गिरोहों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाए और उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि धनबाद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक गतिविधि को सफल नहीं होने दिया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
फरार अपराधी प्रिंस खान द्वारा सांसद ढुल्लू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी को मिली कथित धमकी के संबंध में पूछे गए सवाल पर आईजी ने कहा कि प्रिंस खान के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की गई है और उसके विरुद्ध कानूनी प्रक्रिया लगातार जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और जिले में शांति, सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *